स्वास्थ्य के लिए शकरकंद काफी फायदेमंद होता है। क्योंकि इसमें फाइबर, विटामिन ए और सी, कैल्शियम और मैग्नीशियम जैसे तत्व भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। इसलिए चाहे शकरकंद को कच्चा खाओ या फिर पका कर लेकिन खाओ जरूर। हालांकि, इससे कई पकवान भी बनाए जाते हैं। लेकिन क्या आप शकरकंद की रबड़ी खाएं हैं। अगर नहीं तो खा लीजिए। इसका जायका एकदम अलग है। शकरकंद की रबड़ी सेहत के लिए भी काफी फायदेमंद होती है। तो आइए बिना देरी किये जानते हैं शकरकंद की रबड़ी बनाने की सामग्री और विधि के बारे में।
ये भी पढ़ें: घर पर ही बनाएं एप्पल जैम, आप भी खाएं और बच्चों को भी खिलाएं
बनाने की सामग्री
- दूध – 1 लीटर
- शकरकंद – 1 किलो
- चीनी – 1 कप
- इलायची पाउडर – 1 टी स्पून
- काजू कटे – 5
- बादाम कटी – 5
- पिस्ता कटे – 5
- केसर – 1 चुटकी भर
- गर्म पानी- आवश्यकतानुसार

ये भी पढ़ें: मुंह के छाले क्यों होते हैं और इसका इलाज कैसे करें?
बनाने की विधि
स्टेप 1: सबसे पहले शकरकंद को अच्छे से धोकर उबाल लें। जब उबल जाए तब उनके छिलके उतार लें और अच्छी तरह से मैश कर लें।
स्टेप 2: इसके बाद एक पतीला लें और उसमें दूध को गर्म होने के लिए गैस पर मीडियम आंच पर चढ़ा दें। जब दूध में उबाल आने लगे तो उसमें मैश किए शकरकंद को डालकर अच्छी तरह से मिक्स करें। फिर इन दोनों चीजों को तब तक पकाएं जब तक कि दूध गाढ़ा न हो जाए।
स्टेप 3: अब एक पैन लें और उसमें एक कप पानी डालकर गैस पर चढ़ा दें। जब पानी गर्म हो जाए तो उसमें एक चुटकी केसर डाल दें, जब केसर पानी में अच्छी तरह से घुल जाए तो उसे दूध में मिक्स कर दें।
स्टेप 4: इसके बाद इसमें इलायची पाउडर को डालकर अच्छी तरह से मिलाएं। इसके बाद रबड़ी को लगभग 5 मिनट तक मीडियम फ्लेम पर पकने दें। 5 मिनट बाद उसमें स्वादानुसार चीनी डाल दें। इसके बाद दो से तीन मिनट तक रबड़ी को और पकाएं और फिर गैस बंद कर दें।
स्टेप 5: बस बनकर तैयार है शकरकंद की रबड़ी। अगर आपको ठंडी रबड़ी खाना पसंद है तो इसे कुछ देर के लिए फ्रीजर में रख दें। और सर्व करने से पहले रबड़ी पर काजू, बादाम और पिस्ते से गार्निंश कर दें।
(प्रिय पाठक, पल-पल के न्यूज, संपादकीय, कविता-कहानी पढ़ने के लिए ‘न्यूज बताओ’ से जुड़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, टेलीग्राम और इंस्टाग्राम पर भी फॉलो कर सकते हैं।)
Leave a Reply