जन्मदिन नहीं मनाएंगे धर्मेंद्र, बोले- देशभर में अफरा तफरी फैली है, जन्मदिन कैसे मनाऊं?

जन्मदिन नहीं मनाएंगे धर्मेंद्र, बोले- देशभर में अफरा तफरी फैली है, जन्मदिन कैसे मनाऊं?

मुम्बई: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का आज जन्मदिन है। वे 85 साल के हो गए हैं। लेकिन इस साल धर्मेंद्र अपना जन्मदिन नहीं मना रहे इसकी वजह है किसान आंदोलन। हालांकि, वे बड़े स्तर पर अपना जन्मदिन नहीं मनाते। वो अपने फार्महाउस पर रहकर कविता लिखना पसंद करते हैं। धर्मेंद्र इस बार जन्मदिन नहीं मना रहे क्योंकि वे देश में कोविड-19 और किसानों के विरोध के कारण मौजूदा अशांति से आहत हैं।

एक इंटरव्यू में धर्मेंद्र ने कहा, “लोग कोरोना वायरस को भी भूल गए हैं। देशभर में अफरा तफरी फैली है, मैं जन्मदिन कैसे मनाऊं? हम सब भारत मां के बच्चे हैं। इंसानियत से बढ़कर कोई धर्म नहीं। किसी की शराफत, मजबूरी या इंसानियत का फायदा ना उठाएं। किसान क्या बोलना चाहते हैं, उनकी बात एक बार सुन लो। वो सड़कों पर बैठे हैं इतनी सर्दी में। एक आपसी डायलॉग से हल निकल सकता है।”

अपनी माँ को याद करते हुए उन्होंने कहा, “माँ भगवान होती है। जब खुशी देने वाली नहीं रही, तो कैसे मनाऊं जन्मदिन? बस रस्म निभा लेता हूं और तन्हाई में माँ को याद करके रो लेता हूं। जब वो थी तब मेरे जन्मदिन पर हल्वा बनाती थी।”

ये भी पढ़ें: एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा भी किसानों के समर्थन में आईं, किसानों को बताया सैनिक

हाल ही में धर्मेंद्र ने किसानों पर एक ट्वीट किया था, लेकिन बाद में डिलीट कर दिया था जिसके चलते वो चर्चा में आ गए थे। उन्होंने इस बारे में बात करते हुए कहा, “मेरे कहने का मकसद था कि किसानों की बात सुनी जाए। मैं हमेशा पॉजिटिव बात कहता हूं लेकिन लोग उसका अलग ही मतलब निकाल लेते हैं। ट्विटर पर भड़ास निकालते हैं। अब मैं इससे दूरी बनाकर रखूंगा, क्योंकि यह बहुत खराब हो सकता है। दिल तोड़ देते हैं लोग।”

धर्मेंद्र ने ट्वीट कर लिखा था, “सरकार से प्रार्थना है… किसानों भाईयों की समस्या का कोई जल्दी से तलाश कर लें… कोरोना के मामलों दिल्ली में तेजी से बढ़ते जा रहे हैं… यह दर्दनाक है।” लेकिन बाद में उन्होंने यह ट्वीट डिलीट कर दिया था।

वहीं उनके ट्वीट डिलीट कर देने के बाद एक यूजर ने उनके ट्वीट का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा था, “पंजाबी आइकॉन धर्मेंद्र पाजी ने 13 घंटे पहले यह ट्वीट किया था, लेकिन बाद में डिलीट कर दिया। कुछ तो मजबूरियां रही होंगी…। यूं ही कोई बेवफा नहीं होता।”

ये भी पढ़ें: बॉलीवुड की 90 दशक की सबसे बोल्ड एक्ट्रेसेस सोनम ने आखिर क्यों छोड़ दिया था इंडस्ट्री?

धर्मेंद्र ने फिर उस यूजर को जवाब देते हुए लिखा था, “आपके ऐसे ही कॉमेंट्स से दुखी होकर अपना ट्वीट डिलीट कर दिया था। जी भर के गाली दे लीजिए। आपकी खुशी में खुश हूं मैं। हां, अपने किसान भाइयों के लिए बहुत दुखी हूं। सरकार को जल्दी ही कोई हल तलाश कर लेना चाहिए। हमारी किसी की कोई सुनवाई नहीं।”

दूसरी तरफ सनी देओल ने सोमवार को कहा कि कुछ ऐसे लोग हैं जो इस सिचुएशन का फायदा उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह मामला सरकार और किसानों के बीच का है। सनी ने लिखा, “दोनों आपस में बातचीत करके इसका हल निकालेंगे। मैं जानता हूं कि कई लोग इसका फायदा उठाना चाहते हैं और वो लोग अड़चन डाल रहे हैं। वह किसानों के बारे में बिल्कुल नहीं सोच रहे हैं। उनका अपना खुद का कोई स्वार्थ हो सकता है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published.