दिल्ली में कोरोना संक्रमण के लगातार मामले बढ़ रहे हैं। राजधानी दिल्ली में बढ़ते मामलों को देखते हुए नाइट कर्फ्यू लगाया गया है। लेकिन अब वीकेंड पर पूरे दिन कर्फ्यू रहेगा। वीकेंड कर्फ्यू इसी हफ्ते से लागू किया जाएगा। बताया जा रहा है कि दिल्ली में शुक्रवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह 5 बजे तक वीकेंड कर्फ्यू लागू रहेगा। दिल्ली में बीते 24 घंटे में 4000 से अधिक केस सामने आए हैं।
जैसा कि मालूम है कि खुद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। हालांकि, हल्के लक्षण हैं। इस बात की जानकारी उन्होंने खुद ट्वीट कर दी। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “कोविड पॉजिटिव पाए जाने के बाद उन्होंने अपने आपको आइसोलेट कर लिया है। जो लोग भी मेरे संपर्क में आए हैं वे कृपया अपने आपको आइसोलेट कर लें और अपना टेस्ट करा लें।”
I have tested positive for Covid. Mild symptoms. Have isolated myself at home. Those who came in touch wid me in last few days, kindly isolate urself and get urself tested
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) January 4, 2022
हालांकि, केजरीवाल के पॉजिटिव होने पर कई लोगों ने उन्हें सभाओं और रैलियों में मास्क नहीं पहनने को लेकर आलोचना की है। जानी-मानी पत्रकार राना अय्युब ने केजरीवाल के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए लिखा है, “आपका मतलब उन हजारों लोगों से है जो आपके साथ बिना मास्क के रैली में चले गए। यह अपराधी है। जल्द स्वस्थ हो जाओ।”
You mean the thousands of people who walked in the rally with you without a mask. This is criminal. Get well soon. https://t.co/s0r1ZH0zGK
— Rana Ayyub (@RanaAyyub) January 4, 2022
ये भी पढ़ें: धर्म संसद पर नसीरुद्दीन शाह बोले- हममें से 20 करोड़ मुसलमान इतनी आसानी से नहीं नष्ट होने वाले
अरविंद केजरीवाल के पॉजिटिव होने की खबर आने के बाद पंजाब-चंडीगढ़ में भी हड़कंप मच गया है। केजरीवाल ने सोमवार को देहरादून में सभा की थी, तो वहीं कुछ दिन पहले चंडीगढ़ और पटियाला में भी रैली की थी। इसके अगले दिन नए साल पर वे अमृतसर में धार्मिक स्थानों पर माथा टेकने गए थे। केजरीवाल इनमें से किसी भी जगह मास्क लगाए नहीं दिखे थे।
इसके अलावा, अरविंद केजरीवाल ने पंजाब और उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी के लिए चुनाव प्रचार किया। उन्होंने अपने पंजाब दौरे पर कई नेताओं से मुलाकात की थी। उनके पॉजिटिव आने के बाद पंजाब में चुनावी रैलियों को लेकर सवाल उठने शुरू हो गए हैं।

अरविंद केजरीवाल ने चंडीगढ़ में 30 दिसंबर को विजय रैली की थी। यह विजय रैली चंडीगढ़ नगर निगम में आम आदमी पार्टी को 35 में से 14 सीटें जीतने पर की गई थी। सेक्टर 22 की अरोमा लाइट्स से सेक्टर 23 की लाइट्स तक रैली निकाली गई थी। इसमें भारी भीड़ उमड़ी थी।
सैकड़ों लोगों की मौजूदगी के बावजूद केजरीवाल और दूसरे आप नेताओं ने मास्क नहीं पहने थे। इसके बाद केजरीवाल ट्रक यूनियन के धरने में भी गए थे। पटियाला में 31 दिसंबर को अरविंद केजरीवाल ने शांति मार्च निकाला था।
ये भी पढ़ें: लड़कियों के शादी की उम्र तय करने वाली कमेटी में सिर्फ एक महिला
यह शांति मार्च पंजाब के स्वर्ण मंदिर में हुई बेअदबी और लुधियाना में हुए बम धमाके को लेकर था। इस मार्च में भी सैकड़ों लोगों की भीड़ उमड़ी थी, जिसमें न किसी ने मास्क पहना और न ही किसी के बीच कोई सोशल डिस्टेंस रहा। यहां तक कि केजरीवाल खुद भी बिना मास्क के लोगों की भीड़ के बीच में घूमते रहे थे।

वहां, संगरूर से सांसद भगवंत मान केजरीवाल के साथ-साथ रहे। जिस दिन 31 दिसंबर को केजरीवाल का मार्च हुआ, पटियाला में 71 लोग पॉजिटिव आए और एक की मौत हुई थी। इसके बाद पटियाला में कोरोना की रफ्तार काफी तेज हो चुकी है। 1 जनवरी को पटियाला में 98 केस, 2 जनवरी को 133 केस और 3 जनवरी को 143 केस सामने आए हैं।
पटियाला में रैली के बाद केजरीवाल अगले दिन अमृतसर से होते हुए दिल्ली चले गए, लेकिन उनके साथ बिना मास्क के भगवंत मान ने कई जिलों में रैलियां कीं। पटियाला के अलावा मोगा समेत कई इलाकों में भगवंत मान ने रैली की थी। इनमें कहीं भी भगवंत मान ने मास्क नहीं पहना हुआ था।
ये भी पढ़ें: ‘बुल्ली बाई’ का एक आरोपी गिरफ्तार, जावेद अख्तर का मोदी पर प्रहार
पंजाब दौरे के दौरान अरविंद केजरीवाल ने पटियाला में काली माता मंदिर और गुरुद्वारा श्री दुख निवारण साहिब में भी माथा टेका था। इसके बाद वे नए साल के पहले दिन अमृतसर गए थे, जहां उन्होंने श्रीराम तीर्थ स्थान में माथा टेका।
फिर जालंधर जाकर डेरा सचखंड बल्लां में माथा टेका था। इस दौरान वे कहीं भी मास्क पहने नजर नहीं आए। आम आदमी पार्टी के पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता हरपाल चीमा ने कहा कि सभी लोगों को एहतियात बरतनी चाहिए। सभी को अपना टेस्ट करवाना चाहिए। उन्होंने पंजाब में हो रही चुनावी रैलियों को लेकर कहा कि आयोग को सभी पार्टियों से मीटिंग कर इसके बारे में फैसला लेना चाहिए।
(प्रिय पाठक, पल-पल के न्यूज, संपादकीय, कविता-कहानी पढ़ने के लिए ‘न्यूज बताओ’ से जुड़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, टेलीग्राम, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर भी फॉलो कर सकते हैं।)
Leave a Reply