‘जवाद’ को लेकर हाई अलर्ट, आंध्र प्रदेश-ओडिशा में 55 हजार लोग सुरक्षित स्थान पर पहुंचाए गए

‘जवाद’ को लेकर हाई अलर्ट, आंध्र प्रदेश-ओडिशा में 55 हजार लोग सुरक्षित स्थान पर पहुंचाए गए

चक्रवाती तूफान ‘जवाद’ को लेकर ओडिशा-आंध्र प्रदेश में हाई अलर्ट जारी किया गया हैं। इसके अलावा पश्चिम बंगाल के कुछ जिलों में भी जवाद को लेकर अलर्ट जारी किया गया। फिलहाल, जवाद विशापतनम से 230 किमी और पुरी से 410 किमी दूर है। मौसम विभाग के मुताबिक, अब जवाद रविवार को ओडिशा के तट पर पहुंचेगा।

भारत मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार सुबह ट्वीट कर जानकारी दी, “बंगाल की खाड़ी के पश्चिम मध्य से चक्रवात जवाद थोड़ा उत्तर की ओर बढ़ रहा है। पिछले 6 घंटे से यह 4 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। यह विशाखापतनम से 230 किमी दक्षिणपूर्व की ओर , जबकि पुरी से 410 किमी दक्षिण-दक्षिण पश्चिम की ओर है। पारादीप से यह 490 किमी दक्षिण- दक्षिण पश्चिम की ओर है।”

मौसम विभाग ने बताया कि अगले 12 घंटे में चक्रवात थोड़ा कमजोर होगा और उत्तर की तरफ बढ़ेगा। इसके बाद 5 दिसंबर को ओडिशा के तट पर पहुंचेगा। इसको लेकर ओडिशा और आंध्र प्रदेश में प्रशासनिक अलर्ट है। ओडिशा में जवाद चक्रवात के खतरे को देखते हुए आंध्र प्रदेश में NDRF की 11, SDRF की 5, कोस्ट गार्ड की 6, मरीन पुलिस की 10 टीमें तीन जिलों- विशाखपतनम, विजियागरम और श्रीकाकुलम में तैनात की गई हैं।

ये भी पढ़ें: जवाद को लेकर हाई अलर्ट, 107 ट्रेन रद्द, होगी भारी बारिश और बढ़ेगी ठंड

आंध्र प्रदेश में 54 हजार से ज्यादा लोगों को रेस्क्यू किया गया है। ओडिशा में चक्रवात को देखते हुए 13 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। ऐहतियान स्कूल बंद कर दिए गए हैं और लोगों को समुद्र तट से दूर रहने की सलाह दी जा रही है।

मौसम विभाग ने ओडिशा के भुवनेश्वर और कटक शहरों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसका मतलब है कि इन शहरों में भारी बारिश होगी। साथ ही यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे से तेज हवाएं भी चलेंगी।

जवाद को लेकर हाई अलर्ट, 107 ट्रेन रद्द, होगी भारी बारिश और बढ़ेगी ठंड

ओडिशा में चक्रवात जवाद अभी D7 यानी डेंजर की श्रेणी में है। हालांकि, साइक्लोन की असर की श्रेणी इससे भी ऊपर जाती है। अगली श्रेणी ग्रेट डेंजर यानी GD8, GD9, या GD10 तक होती है। चक्रवात अभी उस श्रेणी में नहीं है।

ये भी पढ़ें: केशव मौर्य का एक और विवादित बयान, कहा- लुंगी और जालीदार टोपी वाले गुंडों से BJP ने निजात दिलाई

अब तक 700 लोगों को ओडिशा के पुरी के तटीय इलाकों से सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है, जिसमें 14 गर्भवती महिलाएं हैं। तटीय इलाकों में साइक्लोनिक असर के चलते देर रात से बारिश हो रही है।

जवाद के खतरे को देखते ओडिशा में आज स्कूल बंद हैं. सभी सरकारी अधिकारियों और कर्मियों की की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं। ओडिशा में चक्रवात जवाद का असर तटीय इलाकों में ज्यादा देखने को मिल सकता है लिहाजा गोपालपुर, पुरी, पारादीप, धमारा पोर्ट हाई अलर्ट पर है।

चक्रवाती तूफान जवाद के दबाव को देखते हुए भारतीय रेलवे विभाग ने अपनी 107 ट्रेनें कैंसिल कर दी हैं। ये आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटवर्ती इलाकों से गुजरने वाली ट्रेनें हैं। इनमें अप में 54 ट्रेनों को जबकि डाउन में 53 ट्रेनों को कैंसिल किया गया है।

ये भी पढ़ें: कंगना रनौत को कीरतपुर में किसानों ने घेरा, काफिला रोक मंगवाई माफी

जवाद चक्रवात के तेजी से दबाव बनाने के चलते रेलवे ने एहतियातन 2 दिसंबर से 6 दिसंबर तक 107 ट्रेनों नहीं चलाने का फैसला किया है। तूफान के असर के बाद ट्रेनों को फिर से चलाने पर फैसला लिया जाएगा।

दूसरी तरफ, जहां भारत के दक्षिणी राज्यों में हो रही बारिश हो रही हैं वहीं अब उत्तर भारत के कई राज्यों के पहाड़ी और मैदानी हिस्सो में भी बारिश की आशंका है। भारतीय मौसम विभाग ने 4 और 5 दिसंबर को उत्तराखंड, हिमाचल में भारी बर्फबारी की आशंका जताई है।

वहीं, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा में तेज बारिश का अनुमान है। बारिश और बर्फबारी के बाद उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों में कड़ाके की सर्दी पड़ेगी। मौसम विभाग के मुताबिक, 5-6 दिसंबर को एक और पश्चिमी विक्षोभ आएगा, इस दौरान दिल्ली में बारिश होगी।


(प्रिय पाठक, पल-पल के न्यूज, संपादकीय, कविता-कहानी पढ़ने के लिए ‘न्यूज बताओ’ से जुड़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, टेलीग्राम, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर भी फॉलो कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published.