नहीं रहे जानेमाने पत्रकार विनोद दुआ, लंबे समय से चल रहे थे बीमार

नहीं रहे जानेमाने पत्रकार विनोद दुआ, लंबे समय से चल रहे थे बीमार

जानेमाने पत्रकार विनोद दुआ नहीं रहे। वे काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। विनोद दुआ की बेटी मल्लिका दुआ ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। मल्लिका ने बताया कि विनोद दुआ का अंतिम संस्कार दिल्ली स्थित लोधी श्मशान घाट में रविवार को दोपहर 12 बजे किया जाएगा।

मल्लिका दुआ ने लिखा है, “मेरे निडर, निर्भीक और असाधारण पिता विनोद दुआ अब इस दुनिया में नहीं रहे। दिल्ली के रिफ्यूजी कॉलोनियों से निकलकर पत्रकारिता जगत के 42 साल के करियर में वे सत्ता के सामने सच्चाई रखते रहे। वे अब स्वर्ग में हमारी माँ और अपनी पत्नी चिन्ना के साथ हैं, जहां वे दोनों साथ गाना गाएंगे और यात्रा करेंगे।”

ये भी पढ़ें: ‘जवाद’ को लेकर हाई अलर्ट, आंध्र प्रदेश-ओडिशा में 55 हजार लोग सुरक्षित स्थान पर पहुंचाए गए

कुछ दिन पहले ही दुआ की पत्नी का निधन हुआ था। दोनों कोरोना की दूसरी लहर के दौरान संक्रमित हुए थे। जून के महीने में विनोद दुआ की पत्नी चिन्ना दुआ पोस्ट कोविड कंप्लीकेशन्स से हार गईं। पत्नी की मौत के बाद विनोद दुआ भी बीमार रहने लगे थे और तबियत ज्यादा बिगड़ने की वजह से उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया था।

विनोद दुआ 7 जून को घर लौट आए थे। हालांकि, उनकी पत्नी का 12 जून को निधन हो गया था। विनोद दुआ 67 साल के थे। दुआ का जन्म नई दिल्ली में हुआ था। उन्होंने दूरदर्शन और एनडीटीवी के लिए काम किया। वे 1996 में पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार थे, जिन्हें रामनाथ गोयनका अवार्ड से सम्मानित किया गया। उन्हें 2008 में पत्रकारिता के लिए पद्म श्री से भी सम्मानित किया गया था।

विनोद दुआ ने एनडीटीवी पर ‘खबरदार इंडिया’ कार्यक्रम किया। ‘विनोद दुआ लाइव’ जैसे अहम कार्यक्रम भी किया। एनडीटीवी पर ‘ज़ायका इंडिया का’ चर्चित कार्यक्रम रहा। उन्होंने दूरदर्शन पर ‘जनवाणी’ से पहचान बनाई। दूरदर्शन पर चुनाव विश्लेषण के लिए भी वो जाने गए। विनोद दुआ की दो बेटियां मल्लिका दुआ और बकुल दुआ हैं। मल्लिका एक हास्य अभिनेत्री जबकि बाकुल साइकोलॉजिस्ट हैं।


(प्रिय पाठक, पल-पल के न्यूज, संपादकीय, कविता-कहानी पढ़ने के लिए ‘न्यूज बताओ’ से जुड़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, टेलीग्राम, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर भी फॉलो कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published.