ट्रैक्टर रैली के दौरान दो महिलाओं की मौत, 5 की हालत गंभीर

ट्रैक्टर रैली के दौरान दो महिलाओं की मौत, 5 की हालत गंभीर

पंजाब के अमृतसर में किसानों के समर्थन में निकाली जा रही ट्रैक्टर रैली के दौरान दो महिलाओं की मौत हो गई। वहीं पांच महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। एक अनियंत्रित टैंकर रैली में महिलाओं को रौंदता हुआ निकल गया। घटना पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ किया तो पता चला कि उस ट्रैक्टर को जो चला रहा था उस व्यक्ति को ट्रैक्टर चलाना नहीं आता था और न ही उसके पास कोई लाइसेंस था।

वल्ला के एसएचओ संदीप शर्मा ने कहा, “आरोपी ने स्वीकार किया कि उसे ट्रैक्टर चलाना नहीं आता था। न ही उसके पास कोई लाइसेंस था। पुलिस ने दोनों महिलाओं के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।”

दरअसल, अमृतसर के अटारी-वेरका बाईपास पर स्थित कस्बा वल्ला में आज ट्रैक्टर रैली निकाली गई थी। रैली में शामिल एक ट्रैक्टर ड्राइवर ने अचानक नियंत्रण खो दिया जिससे साथ चल रही महिलाओं को रौंद दिया।

ये भी पढ़ें: ट्रैक्टर रैली के दौरान एक शख्स की मौत, किसानों का पुलिस पर आरोप

हादसे के बाद घटना स्थल पर हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पुलिस पहुंच गई। वहां उपस्थित लोगों ने ड्राइवर को पकड़ा हुआ था। पुलिस ने ड्राइवर को हिरासत में ले लिया।

ड्राइवर की पहचान सुख पुत्र गुलजार सिंह निवासी गांव मक्खण विंडी के रूप में हुई है। वह राज मिस्त्री का काम करता है। इस हादसे के बाद गांव वल्ला में शोक की लहर दौड़ गई और वहीं ट्रैक्टर परेड भी स्थगित कर दी गई।

जानकारी के मुताबिक, 26 जनवरी को किसान संगठनों द्वारा ट्रैक्टर परेड निकालने की घोषणा की गई थी। इस परेड में शामिल होने के लिए इलाके के गुरुद्वारा साहिबान से घोषणा भी की जा रही थी। आज यानी मंगलवार दोपहर तक वल्ला बाईपास के नजदीक सैकड़ों ट्रैक्टर ट्राली जमा हो गए।

ये भी पढ़ें: प्रकाश राज ने किया ट्रैक्टर रैली का समर्थन, कहा- किसानों के साथ खड़ा हूं

इस परेड में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं। महिलाएं बच्चों के साथ परेड के आगे चल रही थीं। इसी दौरान एक ट्रैक्टर चालक पानी का टैंकर अपनी ट्राली में लाद रहा था। जैसे ही ट्रैक्टर महिलाओं के पास पहुंचा। ड्राइवर ने ट्रैक्टर से अपना नियंत्रण खो दिया। उस ट्रैक्टर ने महिलाओं को रौंदता हुआ कई मीटर तक चलता रहा।   

बता दें कि आज आईटीओ पर प्रदर्शन के दौरान एक शख्स की मौत हो गई। किसानों ने आरोप लगाया है कि पुलिस फायरिंग में 45 वर्षीय नवनीत की मौत हुई। यह घटना आईटीओ के पास प्रदर्शन के दौरान हुई। बताया जा रहा है कि नवनीत उत्तराखंड के रहने वाले थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.