लोकसभा में PM मोदी का आरोप- कांग्रेस ने पहली लहर में कोरोना फैलाया

लोकसभा में PM मोदी का आरोप- कांग्रेस ने पहली लहर में कोरोना फैलाया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण को लेकर धन्यवाद प्रस्ताव पर अपना पक्ष रखा। उन्होंने संसद के सदस्यों का राष्ट्रपति के भाषण पर अपने विचार रखने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने संबोधन की शुरुआत लता मंगेशकर को याद करते हुए किया। उन्होंने कहा कि इतने लंबे समय तक उनकी आवाज ने देश को भावनाओं से भर दिया। उन्होंने 36 भाषाओं में गीत गाए हैं जो राष्ट्र की एकता के लिए भी प्रेरक उदाहरण है। उन्होंने इसके बाद सुर कोकिला को श्रद्धांजलि दी।

नरेंद्र मोदी ने हर बार की तरह इस बार भी कांग्रेस और विपक्षी दलों पर तीखा प्रहार किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भी बहुत से लोगों की सुई 2014 पर ही अटकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के रवैये से ऐसा लगता है कि वे अगले 100 साल तक सत्ता में नहीं आना चाहती। आपने ही जब ऐसी तैयारी कर ली है तो फिर हमने भी कर रखी है। कांग्रेस पर बरसते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 1994 में आप गोवा में पूर्ण बहुमत से जीते थे। 28 साल हो गए आपको गोवा ने स्वीकार नहीं किया।

मोदी ने कहा कि इसी तरह बीते तीन दशकों से आप त्रिपुरा से नहीं जीते हैं। बंगाल में 1972 में आपको पसंद किया था। यूपी और बिहार में 1989 के बाद से लोगों ने आपको पसंद नहीं किया है। तमिलनाडु के लोगों ने 1962 में यानी आपको 60 साल पहले मौका दिया था। तेलंगाना के गठन का आप श्रेय लेते हैं, लेकिन वहां की जनता ने आपको स्वीकार नहीं किया। झारखंड को बने 20 साल से ज्यादा हो गए, लेकिन कांग्रेस वहां चोर दरवाजे से ही सत्ता में रहती है।

ये भी पढ़ें: 67% MSME यूनिट अस्थाई रूप से हुईं बंद, लाभ 66% गिरा, राहुल गांधी बोले- किसके अच्छे दिन

उन्होंने आगे कहा कि सवाल चुनाव का नहीं है बल्कि नेक नीयती का है। जहां भी लोगों ने सही राह पकड़ ली है, वहां आप लौट नहीं पाए। हम एक चुनाव हार जाएं तो महीनों चिंतन चलता है। लेकिन आप इतने चुनाव हार गए, फिर भी न तो आपका अहंकार जाता है और न ही आपका ईको सिस्टम ऐसा करने देता है। इसके बाद शायराना अंदाज में पीएम ने कहा, “वे दिन को रात कहो तो तुरंत मान जो, नहीं मानोगे तो वे दिन में नकाब ओढ़ लेंगे। जरूर हुई तो हकीकत को थोड़ा बहुत मरोड़ लेंगे। वो मगरूर हैं खुद की समझ पर बेइंतहां, उन्हें आईना मत दिखाओ, वे आईने को भी तोड़ देंगे।”

नरेंद्र मोदी ने अपनी शैली में कहा कि आजादी के 75 वर्ष में आज देश अमृत महोत्सव मना रहा है। आजादी की इस लड़ाई में जिन-जिन लोगों ने योगदान दिया, वे किसी दल से थे या नहीं। उन सबसे परे उठकर देश के लिए जीने वाले और जवानी खपाने वाले लोगों को स्मरण करने का यह अवसर है। उनके सपनों को याद करते हुए कुछ संकल्प लेने का अवसर है। हम सभी संस्कार, स्वभाव और व्यवस्था से लोकतंत्र के लिए प्रतिबद्ध लोग हैं। यह सही है कि आलोचना जीवंत लोकतंत्र का एक आभूषण है, लेकिन अंध विरोध लोकतंत्र का अनादर है।

लोकसभा में PM मोदी का आरोप- कांग्रेस ने पहली लहर में कोरोना फैलाया

प्रधानमंत्री मोदी ने फिर कहा कि मानवता 100 साल का सबसे बड़ा संकट झेल रही है। जिन लोगों ने अतीत के आधार पर ही भारत का आकलन किया, उन्हें लगता था कि भारत यह लड़ाई लड़ पाएगा। भारत खुद को बचा नहीं पाएगा, लेकिन आज स्थिति क्या है। मेड इन इंडिया कोविड टीके दुनिया में सबसे ज्यादा प्रभावी हैं। आज भारत शत-प्रतिशत पहली डोज के निकट पहुंच रहा है। लगभग 80 फीसदी सेकेंड डोज का भी पड़ाव पूरा कर लिया है। कोरोना एक वैश्विक महामारी थी, लेकिन उसे भी दलगत राजनीति के लिए उपयोग में लाया जाए तो क्या यह मानवता के लिए सही है।

ये भी पढ़ें: अमित शाह राज्यसभा में बोले- ओवैसी से विनती है सुरक्षा ले लें और हमारी चिंता दूर करें

कांग्रेस पर टिप्पणी करते हुए कहा, “मैंने किसी का नाम नहीं लिया। लेकिन अब नाम लेकर कहता हूं कि कांग्रेस ने तो हद कर दी। पहली लहर के दौरान जब देश लॉकडाउन का पालन कर रहा था और दुनिया कह रही थी कि जो जहां है वहीं रुकें। तब कांग्रेस के लोगों ने मुंबई के रेलवे स्टेशन पर खड़े होकर लोगों को प्रोत्साहित किया कि वे शहर से निकलें। लोगों को प्रेरित किया गया कि महाराष्ट्र में हमारे ऊपर जो बोझ है, वह थोड़ा कम हो। आप जहां के भी हैं, वहां जाकर कोरोना फैलाओ।”

मोदी ने दिल्ली के केजरीवाल सरकार पर भी हमला किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने तो गाड़ियों पर माइक बांधकर लोगों से कहा कि आप लोग निकल जाएं। इसके चलते यूपी, उत्तराखंड और पंजाब में जहां कोरोना की तीव्रता नहीं थी, वहां भी कोरोना ने लोगों को अपने लपेटे में ले लिया है। यह कैसी राजनीति है, जिसने मानव जाति पर आए संकट में भी मौका नहीं गंवाया। कांग्रेस के आचरण से मैं ही नहीं बल्कि पूरा देश अचंभित है। कुछ लोगों ने जिस तरह से व्यवहार किया, उससे यह सवाल खड़ा होता है कि क्या यह देश और उसके लोग आपके नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को लगता था कि कोरोना मोदी की छवि को चपेट में ले लेगा। महात्मा गांधी की स्वदेशी की बात थी। मोदी जब वोकल फॉर लोकल की बात करता है तो आप उससे अलग क्यों हटते हैं। महात्मा गांधी के स्वदेशी के निर्णय को आगे बढ़ाएं। आप महात्मा गांधी के सपनों को सच होते नहीं देखना चाहते। आज पूरी दुनिया में कोरोना ने जगह बना ली है, लेकिन आपने उसका भी मजाक बनाया। उसका भी विरोध किया। यदि आप लोगों को योग के लिए प्रेरित करते तो उससे क्या नुकसान होता।

ये भी पढ़ें: माही गिल हुईं BJP में शामिल, बीते साल किया था कांग्रेस के लिए प्रचार

प्रधानमंत्री ने कहा कि कोरोना काल के बाद दुनिया नई व्यवस्था की ओर आगे बढ़ी है। भारत को इस मामले में नेतृत्व के मसले पर पीछे नहीं रहना है। फिर उन्होंने आगे कहा कि भारत को ये मौका गंवाना नहीं चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना से लेकर स्वच्छ भारत अभियान तक की चर्चा की। उन्होंने कहा कि आज गरीब आवास योजना का लाभ मिलते ही लखपति बन जाता है। गरीब के घर में भी चूल्हे के धुएं से मुक्ति मिले तो ये अच्छा है। आज गरीब का बैंक में खाता हो, बिना बैंक गए गरीब अपने खाते का उपयोग करता हो।

पीएम मोदी ने कहा कि आज देश में एफडीआई बढ़ा है। आज भारत रिन्यूएबल एनर्जी दुनिया के पांच बड़े देशों में शामिल है। हमने नियम और प्रक्रिया को सरल किया। आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने में पूरी सामर्थ्य से कोशिश की। रिफॉर्म किए। आत्मनिर्भर भारत कांग्रेस को दर्द दे रहा है। ये सारी उपलब्धियां ऐसे समय में देश ने हासिल की हैं, जब सप्लाई चेन पूरी तरह चरमरा गई है। दुनिया में सप्लाई चेन के कारण दुनिया में फर्टिलाइजर संकट की स्थिति है। भारत ने सारा बोझ अपने कंधे पर उठाया और फर्टिलाइजर की सप्लाई निरंतर जारी रखा है। कोरोना संकट के समय छोटे किसानों को संकट से निकालने की कोशिश की है। जो चार-चार पीढ़ी से महलों में बैठे हुए हैं, वे छोटे किसानों की समस्याएं समझ ही नहीं पाए हैं।

मोदी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि आपको छोटे किसानों से इतनी नफरत क्यों है। छोटा किसान मजबूत होगा तो ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। सैकड़ों साल की गुलामी की मानसिकता को 75 साल बाद भी कुछ लोग बदल नहीं पाए जो किसी भी देश के विकास में बाधक होता है। आज भी एक वर्ग 19वीं सदी की मानसिकता में जकड़ा हुआ है। ये 21वीं सदी की आकांक्षाएं पूरी नहीं कर सकते। पीएम ने सरयू नहर, अर्जुन डैम जैसी कई साल से लंबित परियोजनाओं का जिक्र किया।

ये भी पढ़ें: पंचतत्व में विलीन हुईं सुर कोकिला, अंतिम विदाई में दिखा बॉलीवुड का हुजूम

पीएम मोदी ने सरयू नहर, यूपी की अर्जुन डैम परियोजना, उत्तराखंड में चार धाम को ऑल वेदर सड़कों से जोड़ने, गोरखपुर फर्टिलाइजर कारखाना समेत कई परियोजनाओं का जिक्र करते हुए विपक्ष को घेरा और तंज भी किए। उन्होंने कहा कि आपके लिए फाइल सबकुछ है, हमारे लिए 130 करोड़ लोगों की लाइफ बदलने में जुटे हैं। प्रधानमंत्री गतिशक्ति योजना का भी जिक्र किया और उन्होंने कनेक्टिविटी पर जोर दिया। आजादी के बाद सबसे तेज गति से ग्रामीण सड़कें, नेशनल हाईवे, एयरपोर्ट्स बन रहे हैं तो इन पांच साल में बने हैं। अभूतपूर्व निवेश भी हो रहा है। इसी से विकास होना है। जितनी अर्थव्यवस्था विकास करेगी, उतने ही रोजगार के अवसर बढ़ते हैं। हर सेक्टर में उत्पादन बढ़ रहा है। हमारा बड़ा फोकस एमएसएमई में है।

नरेंद्र मोदी ने कहा कि हम आज ग्लोबल वैल्यू चेन का हिस्सा बन रहे हैं। ये अच्छी निशानी है। छोटे उद्योगों को सुरक्षित करने के लिए तीन लाख करोड़ की विशेष योजना शुरू की। इसका लाभ 13।5 करोड़ एमएसएमई को मिला जो बर्बाद होने से बच गए। डेढ़ करोड़ नौकरियां बचीं। ये एफबीआई की स्टडी कहती है। मुद्रा योजना भी सफल रही है। लाखों लोग बिना गारंटी बैंक से लोन लेकर स्वरोजगार कर रहे हैं। स्वनिधि योजना से स्ट्रीट वेंडर को लाभ मिल रहा है। गरीब श्रमिकों के लिए दो लाख करोड़ से अधिक खर्च किए। हजारों लाभार्थियों के खाते में सीधा पैसा ट्रांसफर किया है। पीएम गतिशक्ति मास्टर प्लान से लॉजिस्टिक खर्च कम होगा। ये बहुत लाभकारक होने वाला है।

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस कहती है कि मोदी जी नेहरू को लेकर कुछ नहीं कहते हैं, तो आज मैं आपकी मनोकाना पूरी कर देता हूं। उन्होंने कहा कि कभी-कभी कोरिया में लड़ाई भी हमें प्रभावित करती है। इसके चलते वस्तुओं की कीमते बढ़ जाती है और यह हमारे नियंत्रण से भी बाहर हो जाती है। देश के सामने देश का पहला प्रधानमंत्री महंगाई के सामने हाथ खड़े कर देते हैं। पंडित नेहरू ने कहा- कि अगर अमेरिका में भी कुछ हो जाता है तो इसका असर वस्तुओं की कीमतों पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि अगर आज आपकी सरकार होती तो मंहगाई को कोरोना के खाते में डालक पल्ला झाड़ लेते लेकिन हमने महंगाई को नियंत्रित करने की कोशिश की। पीएम ने कहा कि आज अमेरिका में महंगाई 7 प्रतिशत के करीब है, लेकिन हम किसी पर ठीकरा नहीं फोड़ना चाहते।

प्रधानमंत्री मोदी ने सदन में कहा कि अंग्रेज चले गए लेकिन बांटो और राज करो की नीति कांग्रेस नहीं छोड़ रही। विभाजन की नीति उसकी डीएनए में घुस गई है। इसलिए कांग्रेस टुकड़े टुकड़े गैंग की लीडर बन गई है। कांग्रेस ने तमिल भावना को भड़काने की कोशिश की। कांग्रेस की परंपरा अब तोड़ो और राज करो की हो गई है। पीएम ने कहा कि कांग्रेस ऐसे बीज बो रही है जिससे अलगाववादी को मजबूती मिलेगी। पीएम ने कहा कि ये देश एक था, एक है और एक रहेगा और इसी विश्वास के साथ आगे बढ़ रहे हैं।


(प्रिय पाठक, पल-पल के न्यूज, संपादकीय, कविता-कहानी पढ़ने के लिए ‘न्यूज बताओ’ से जुड़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, टेलीग्राम, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर भी फॉलो कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published.