कांग्रेस के संकटमोचक अहमद पटेल का निधन, कोरोना से थे संक्रमित

कांग्रेस के संकटमोचक अहमद पटेल का निधन, कोरोना से थे संक्रमित

नई दिल्ली: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल का आज बुधवार तड़के निधन हो गया। वह बीते एक महीने पहले कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। संक्रमित होने के बाद उन्हें गुरुग्राम के वेदांता अस्पताल में भर्ती किया गया था। पटेल के पुत्र फैसल पटेल और पुत्री मुमताज सिद्दीकी ने ट्वीट कर बताया कि उनके पिता ने बुधवार को तड़के करीब 3:30 बजे अंतिम सांस ली।

उन्होंने कहा, “दु:ख के साथ अपने पिता अहमद पटेल की दु:खद और असामयिक मृत्यु की घोषणा कर रहा हूं. 25 तारीख को सुबह करीब 3.30 बजे उनका निधन हो गया।” यह जानकारी देते हुए फैसल ने बताया कि एक माह पहले उनके पिता कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। उन्होंने लोगों से कोरोना के बचाव के दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है ताकि किसी को उनकी तरह दु:ख नहीं सहना पड़े।

अहमद पटेल कांग्रेस के संकटमोचक माने जाते थे। वह कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के विश्वस्त सहयोगियों में से एक थे और उनके राजनीतिक सलाहकार भी थे। कांग्रेस के कोषाध्यक्ष अहमद पटेल तीन बार 1977 से 1989 तक लोकसभा सांसद रहे थे। 1993 से गुजरात का प्रतिनिधित्व करते हुए राज्यसभा सांसद थे। पटेल यूपीए सरकार के समय कांग्रेस पार्टी के शीर्ष वार्ताकारों में से एक थे।

अहमद पटेल के निधन पर दु:ख व्यक्त करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि वह एक ऐसे कॉमरेड, निष्ठावान सहयोगी और मित्र थे जिनकी जगह कोई नहीं ले सकता। कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी कहा कि पटेल का पूरी जीवन कांग्रेस को समर्पित था।

सोनिया गांधी ने एक शोक संदेश में कहा, “श्री अहमद पटेल के जाने से मैंने एक ऐसा सहयोगी खो दिया है, जिनका पूरा जीवन कांग्रेस पार्टी को समर्पित था। उनकी निष्ठा और समर्पण, अपने कर्तव्य के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, मदद के लिए हमेशा मौजूद रहना और उनकी शालीनता कुछ ऐसी खूबियां थीं, जो उन्हें दूसरों से अलग बनाती थीं।”

उन्होंने कहा, “मैंने ऐसा कॉमरेड, निष्ठावान सहयोगी और मित्र खो दिया जिनकी जगह कोई नहीं ले सकता। मैं उनके निधन पर शोक प्रकट करती हूं और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करती हूं। “

वहीं अहमद पटेल के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शोक व्यक्त किया है। उन्होंने एक ट्वीट संदेश में लिखा, “अहमद पटेल जी के निधन से दु:खी हूं। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में लंबे समय तक समाज की सेवा की। अपनी तीक्ष्ण बुद्धि के लिए जाने जाने वाले श्री पटेल का कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने में योगदान हमेशा याद किया जाएगा।”

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अहमद पटेल को पार्टी का स्तंभ बताते हुए ट्वीट किया, “यह एक दु:खद दिन है। श्री अहमद पटेल कांग्रेस पार्टी के स्तंभ थे। वह कांग्रेस के लिए जिए और सबसे खराब समयों में भी पार्टी के साथ खड़े रहे। वह एक महत्वपूर्ण संपदा थे। हम उन्हें याद करेंगे। फैसल, मुमताज और उनके परिवार के प्रति मेरा प्यार और शोक संवेदनाएं।”

अहमद पटेल ने राजनीति की शुरूआत यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में की थी। उन्हें इंदिरा गांधी ने साल 1977 में भरूच से लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए चुना था। उस वक्त उनकी उम्र मात्र 28 साल थी। मौजूदा वक्त में वह कांग्रेस के कोषाध्यक्ष थे। उन्होंने यह जिम्मेदारी तीन बार संभाली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published.