BJP सांसद का किसानों को धमकी, कहा- आंख निकाल लेंगे, हाथ काट देंगे

BJP सांसद का किसानों को धमकी, कहा- आंख निकाल लेंगे, हाथ काट देंगे

हरियाणा के रोहतक में शुक्रवार को एक दर्जन से अधिक भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेताओं को किसानों ने बंधक बना लिया था। उससे पहले नारनौंद के विश्वकर्मा धर्मशाला का शिलान्यास करने पहुंचे भाजपा सांसद रामचंद्र जांगड़ा को किसानों के भारी भारी विरोध का सामना करना पड़ा।

रोहतक में किसानों ने भाजपा के जिन नेताओं को बंधक बनाया था, उनमें पूर्व सहकारिता राज्य मंत्री मनीष ग्रोवर का नाम भी शामिल थे। लेकिन, अब ये मामला विवादों में घिर गया है। दोनों घटनाओं के विरोध में आज शनिवार को भाजपा के नेताओं ने प्रदर्शन किया। लेकिन इसी दौरान पार्टी के स्थानीय सांसद अरविंद शर्मा ने विवादित बयान दे दिया।

उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को बंधक बनाए जाने के पीछे कांग्रेस नेता और पूर्व सीएम भूपिंदर सिंह हुड्डा का हाथ है। अरविंद शर्मा ने कहा, “हुड्डा और कांग्रेस यह जान लें कि मनीष ग्रोवर की तरफ जो आंख दिखाएगा, उसकी आंख निकाल लेंगे। कोई हाथ दिखाएगा तो उसे काट लेंगे।”

ये भी पढ़ें: BJP सांसद ने किसानों को कहा लफंगा और दारूबाज, जमकर हंगामा, कई हिरासत में

दरअसल, ग्रोवर रोहतक के किलोई स्थित एक शिव मंदिर में पहुंचे थे, जिन्हें किसानों ने बंधक बना लिया था। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष ग्रोवर ने जब हाथ जोड़कर माफी मांगी तब जाकर किसानों उन्हें वहां से जाने दिया। हालांकि, ग्रोवर ने माफी मांगने की बात से इंकार किया है।

उन्होंने कई घंटों तक बंधक बना लिए जाने की बात पर सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने किसानों के कहने पर हाथ हिलाया था। माफी नहीं मांगी। जब भी मन होगा तब वह इस मंदिर में आएंगे। किसान मनीष की उस बात से बिफरे हुए थे जिसमें उन्होंने आंदोलनकारियों को बेरोजगार, शराबी कहा था।

कल की घटना को लेकर शब्दों की मर्यादा लांघते हुए अरविंद शर्मा ने कांग्रेस के साथ किसान को भी धमकी दे डाली। उन्होंने कहा कि जिसने भी मनीष का विरोध करने की कोशिश की, उसकी आंखें निकालकर हाथ काट देंगे।

ये भी पढ़ें: हरियाणा के रोहतक में किसानों ने एक दर्जन से अधिक BJP नेताओं को बंधक बनाया

उन्होंने कहा कि कांग्रेस अगले 25 सालों तक गोल घेरे में घूमती रहेगी। जबकि दुष्यतं चौटाला से हाथ मिलाने के बाद बीजेपी सत्ता पर काबिज रहेगी। पब्लिक मीटिंग में जब भाजपा सांसद बोल रहे थे तब उनके समर्थक ताली बजाकर उनका स्वागत कर रहे थे।

अरविंद ने कहा कि मोदी और खट्टर की सरकार लोगों के हितों के लिए काम कर रही है। हर वर्ग का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। जानकारी के लिए बता दें कि अरविंद शर्मा पहले कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में शुमार हुआ करते थे। हालांकि, उन्होंने राजनीति में कदम निर्दलीय के तौर पर रखी थी।

अपना पहला लोकसभा चुनाव अरविंद ने 1996 में सोनीपत लोकसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीता था। फिर कांग्रेस में आ गए। 2004 और 2009 में उन्होंने कांग्रेस की टिकट पर लोकसभा का चुनाव लड़ा और बीजेपी उम्मीदवार व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री रहे आईडी स्वामी को हराया था।


(प्रिय पाठक, पल-पल के न्यूज, संपादकीय, कविता-कहानी पढ़ने के लिए ‘न्यूज बताओ’ से जुड़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, टेलीग्राम, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर भी फॉलो कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published.