PM मोदी को काला झंडा दिखाने वाली महिला पर जानलेवा हमला, मारी गोली

PM मोदी को काला झंडा दिखाने वाली महिला पर जानलेवा हमला, मारी गोली

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को काला झंडा दिखाने वाली महिला रीता यादव को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी है। गोली रीता यादव के पैरों में लगी जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए पहले सीएचसी लंभुआ में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें सुल्तानपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

रीता के बयान दर्ज किए गए हैं। सीओ लंभुआ सतीश चंद्र शुक्ला के मुताबिक, उन्होंने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल की और घायल महिला का बयान दर्ज किया। उन्होंने मीडिया को बताया कि मामला संज्ञान में है, रीता यादव के पैर में गोली लगी है, कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

घायल रीता यादव ने मीडिया को दिए बयान में कहा है, “मैं पोस्टर-बैनर बनवाने सुल्तानपुर गई थी, वहां से घर जा रही थी. उसी समय हाईवे पर लंभुआ के पास तीन लोगों ने ओवर टेक करके मेरी गाड़ी को रोका और गाली देते हुए जान से मारने की धमकी दी। मेरे ड्राइवर की कनपटी पर पिस्टल लगा दिया। जब मैंने उन्हें इस पर एक तमाचा मारा तो उन्होंने मुझे गोली मार दी। गोली मेरे पैर में लगी है और बदमाश भाग निकले।”

PM मोदी को काला झंडा दिखाने वाली महिला को मारी गोली, कौन हैं रीता यादव?

ये भी पढ़ें: ‘बुल्ली बाई’ का एक आरोपी गिरफ्तार, जावेद अख्तर का मोदी पर प्रहार

वहीं, इस संबंध में एडिशनल एसपी विपुल श्रीवास्तव ने कहा, “रीता यादव ने कल थाना चांदा में अज्ञात हमलावरों द्वारा गोली मारने मारे जाने की FIR दर्ज कराई हैं। जांच में पाया गया है कि रीता यादव मुस्तकीम नामक ड्राइवर की बोलेरो किराए पर लेकर सुल्तानपुर आई थीं। यहां से वापस लौटते समय लंभुआ हाईवे के पास इन्हें तीन अज्ञात लोगों द्वारा गोली मारे जाने का दावा किया गया। पीड़िता, उनके ड्राइवर से की गई पूछताछ, घटनास्थल के निरीक्षण और पैर में गोली लगने के स्थान का निरीक्षण करने के बाद घटना प्रथम दृष्टया संदेहास्पद है और गहराई से जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का सही अनावरण होगा।”

उल्लेखनीय है कि सुल्तानपुर के कूरेभार स्थित अरवल कीरी में 16 नवंबर, 2021 को पीएम मोदी पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के लिए आए थे। प्रधानमंत्री मोदी ने यहां एक जनसभा को संबोधित किया था, उसी दौरान रीता यादव ने उन्हें काला झंडा दिखाया था। उसके बाद पुलिस ने महिला को गिरफ्तार करके जेल भेजा था और दो दिनों बाद उसकी बेल हो गई थी।

PM मोदी को काला झंडा दिखाने वाली महिला को मारी गोली, कौन हैं रीता यादव?

जानकारी के लिए बता दें कि रीता ने 17 दिन पहले ही कांग्रेस जॉइन किया था। लखनऊ में 17 दिसंबर को उनकी मुलाकात प्रियंका गांधी से भी हुई थी। सुल्तानपुर के कांग्रेस नेता विजय श्रीवास्तव ने बताया कि प्रियंका गांधी रीता यादव से मिलने सुल्तानपुर आएंगी।

ये भी पढ़ें: बिना मास्क रैली करने वाले केजरीवाल के पॉजिटिव होने पर पंजाब, चंडीगढ़ और उत्तराखंड में हड़कंप

बताया जाता है कि घटना के एक महीना बाद तक वह सपा में रहीं, फिर 17 दिसंबर को लखनऊ में कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा से मिलीं और कांग्रेस ज्वॉइन कर ली थी। रीता यादव चांदा क्षेत्र के लालू का पूरा सोनावा गांव की रहने वाली हैं।

अब इस जानलेवा हमले को लेकर कांग्रेस ने भाजपा को घेरा है। कांग्रेस ने जे.पी. नड्‌डा को टैग करते हुए ट्वीट किया। उन्होंने लिखा है,” जे.पी. नड्‌डा जी, लड़कियों को लड़ने से आपकी पार्टी के जंगलराज में भाड़े के गुंडे रोक रहे हैं। महिलाओं की साड़ी खींचने वाले कायरों से इसी कायरता की उम्मीद है। बेटियों की एकजुटता से डरे कायर अब बेटियों पर गुंडे छोड़ रहे हैं।”


(प्रिय पाठक, पल-पल के न्यूज, संपादकीय, कविता-कहानी पढ़ने के लिए ‘न्यूज बताओ’ से जुड़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, टेलीग्राम, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर भी फॉलो कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published.