कांग्रेस में शामिल होने के बाद कन्हैया कुमार और जिग्नेश मेवाणी ने क्या कहा?

कांग्रेस में शामिल होने के बाद कन्हैया कुमार और जिग्नेश मेवाणी ने क्या कहा?

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार और गुजरात के निर्दलीय विधायक जिग्नेश मेवानी आज मंगवार को कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए। कांग्रेस में शामिल होने से पहले राहुल गांधी समेत दोनों युवा नेता दिल्ली के आईटीओ स्थित शहीदी पार्क गए और शहीद-ए-आजम भगत सिंह को श्रद्धांजली दी। यहां यूथ कांग्रेस ने पहले से ही एक कार्यक्रम का प्रोग्राम रखा था। इस दौरान तीनों ने हाथ उठाकर एकजुटता का संदेश दिया।

पहले ही खबर आई थी कि सभी नेता वहीं मिलेंगे और उसके बाद पार्टी दफ्तर पहुंचेंगे। बीते दिनों इन्होंने राहुल गांधी और चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर के साथ मुलाकात की थी जिसके बाद से अटकलें लगाई जा रही थीं कि वे जल्द पार्टी में शामिल हो सकते हैं। आज सुबह से ही कांग्रेस का दफ्तर कन्हैया के स्वागत वाले पोस्टरों से अटा पड़ा था।

ये भी पढ़ें: नवजोत सिंह सिद्धू ने दिया कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा

कांग्रेस में शामिल होने के बाद कन्हैया कुमार और जिग्नेश मेवाणी ने क्या कहा?

कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा, “आज हम सब के लिए विशेष दिन है। इस मंच पर दो नौजवान बैठे हैं, जो किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। जिन्होंने लगातार मोदी सरकार और हिटलरशाही जो इस देश में चल रही है, से अपने तरीके से व्यापक संघर्ष किया है। ये आवाज और मजबूत होगी, जब ये आवाज राहुल गांधी की आवाज से मिलकर एक और एक 11 हो जाएगी। इसके बाद पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कन्हैया कुमार और जिग्नेश मेवाणी के पार्टी में शामिल होने की घोषणा की।”

कांग्रेस में शामिल होने के बाद कन्हैया कुमार ने सभी नेता और कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि आज शहीद-ए-आजम भगत सिंह का जन्मदिन है। इस दौरान उन्होंने याद दिलाया कि कैसे भगत सिंह और उनके साथी आईटीओ स्थित पार्क में मीटिंग किया करते थे।

उन्होंने इस दौरान कहा कि हमारे राज्य (बिहार) में वज्रपात से दो बच्चियों की मौत हो गई है मैं उन्हें श्रद्धांजली अर्पित करता हूं। उन्होंने कहा कि हमारे देश को गांधी की एकता की जरूरत है। अंबेडकर की समानता की जरूरत है। साथ ही उन्होंने कहा कि देश को भगत सिंह जैसे लोगों जरूरत है।

कन्हैया कुमार ने कहा, ”इस देश में कुछ लोग इस देश की चिंतन परंपरा, संस्कृति, मूल्य, वर्तमान और भविष्य खराब करने में लगे हैं। देश की सबसे पुरानी लोकतांत्रिक पार्टी में इसलिए शामिल होना चाहते हैं। कांग्रेस नहीं बची तो देश नहीं बचेगा।”

ये भी पढ़ें: कन्हैया कुमार और जिग्नेश मेवाणी हुए कांग्रेस में शामिल, जानें CPI छोड़ने की कहानी

कांग्रेस में शामिल होने को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस वो पार्टी है जो गांधी, नेहरू, सरोजनी नायडू जैसे लोगों के विचारों का लेकर आगे चलेगी। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस जैसी पार्टी को बचाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस बचेगी तो देश की उम्मीद बचेगी। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी हमला किया। उन्होंने कहा कि परिवार छोड़कर परिवार नहीं बनाया जा सकता है।

पूर्व सीपीआई नेता ने कहा, “मुझे महसूस होता है कि इस देश में कुछ लोग, वो सिर्फ लोग नहीं है, वो एक सोच है। इस देश की चिंतन परंपरा, संस्कृति, मूल्स, इतिहास, वर्तमान और भविष्य खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। कहीं मैंने पढ़ा था कि आप अपने दुश्मन का चुनाव कीजिए, दोस्त अपने आप बन जाएंगे। तो मैंने चुनाव किया है। लोकतांत्रिक पार्टी में हम इसलिए शामिल होना चाहते हैं क्योंकि अब लगने लगा है कि अगर कांग्रेस नहीं बचा तो देश नहीं बचेगा।”

कन्हैया ने इसके बाद कहा, “मैं आपको स्पष्ट कर देता हूं कि देश में प्रधानमंत्री अब भी हैं, पहले भी थे और आगे भी होते रहेंगे, लेकिन आज जब हम लोग राहुल गांधी की उपस्थिति में हम लोग फॉर्म भर रहे थे तो साथी जिग्नेश ने संविधान की कॉपी दी और हमने गांधी-अंबेडकर और भगत सिंह की तस्वीर दी। क्योंकि आज इस देश को भगत सिंह की साहत की जरूरत है। अंबेडकर की समानता की जरूरत है और गांधी की एकता की जरूरत है।”

कन्हैया ने आगे, “जो सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी है, उसे नहीं बचाया गया तो देश नहीं बचेगा। बड़े जहाज को नहीं बचाया गया तो छोटी-छोटी कश्तियां भी नहीं बचेंगी। मैं जहां पैदा हुआ, जिस पार्टी में पला-बढ़ा, उसने मुझे सिखाया, लड़ने का जज्बा दिया है। मैं उस पार्टी के साथ लाखों-करोड़ों लोगों को भी धन्यवाद देना चाहता हूं, जो किसी पार्टी से नहीं थे, लेकिन जब किसी पार्टी की ओर से हमारे ऊपर अनावश्यक आरोप लगाए गए थे, तब वो वॉट्सऐप पर हमारे लिए लड़ रहे थे। इस देश को कांग्रेस ही नेतृत्व दे सकती है।”

इसके बाद कन्हैया ने कहा, “मुझे पूरा भरोसा है कि कांग्रेस जो अपने आपको लोकतांत्रिक पार्टी कहती है, वो सत्ता से सवाल पूछने और लोगों के संघर्ष के लिए लड़ने में हमारा साथ देगी। कन्हैया ने आरएसएस पर हमला करते हुए कहा कि ये संघ परिवार नहीं है। वो क्या परिवार है कि अपना परिवार छोड़कर परिवार बनाना पड़े। महात्मा गांधी अपनी पत्नी के साथ अंग्रेजों से लड़े। आप इतिहास उठाकर देख लीजिए सब लोग अपने परिवार के साथ रहते थे।”

कांग्रेस में शामिल होने के बाद कन्हैया कुमार और जिग्नेश मेवाणी ने क्या कहा?

वहीं, गुजरात के वडगाम से निर्दलीय विधायक जिग्नेश मेवाणी ने कहा, “जो कहानी गुजरात से शुरू हुई, उसने 6-7 साल में जो उत्पात मचाया है, वो आप सबके सामने है। हमारे संविधान पर हमला है। हमारे आइडिया ऑफ इंडिया पर हमला है। लोकतंत्र पर हमला है। आज भाई-भाई एक-दूसरे का दुश्मन बन जाए, उतना जहर, नफरत सोची-समझी साजिश के तहत नागपुर और दिल्ली फैला रहे हैं।”

मेवाणी ने कहा कि कुछ भी करके इस मुल्क के संविधान, लोकतंत्र और आइडिया ऑफ इंडिया को बचाना है और इसके लिए मुझे उसके साथ खड़े होना है जिसने अंग्रेजों को खदेड़ कर दिखाया है, इसलिए मैं आज कांग्रेस के साथ खड़ा हूं। उन्होंने कहा कि मैं एक निर्दलीय विधायक हूं, इसलिए औपचारिक रूप से कांग्रेस ज्वॉइन नहीं कर सकता। लेकिन 2022 के चुनाव में कांग्रेस के सिंबल पर ही लड़ूंगा और उसके लिए कैंपेन करूंगा। आज राष्ट्रीय स्तर पर जो हो रहा है, वो सब हम गुजरात में झेल चुके हैं।


[प्रिय पाठक, पल-पल के न्यूज, संपादकीय, कविता-कहानी पढ़ने के लिए ‘न्यूज बताओ’ से जुड़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरटेलीग्रामइंस्टाग्राम और यूट्यूब पर भी फॉलो कर सकते हैं।]

Leave a Reply

Your email address will not be published.