सीवान में अपराधियों का तांडव, जो मिला सरेराह मार दी गोली, 2 लोगों की मौत

सीवान में अपराधियों का तांडव, जो मिला सरेराह मार दी गोली, 2 लोगों की मौत

बिहार के सीवान जिले में गुरुवार की दोपहर फिल्मी स्टाइल में अपराधियों ने अपराध को अंजाम दिया। बाइक पर सवार अपराधियों ने महाराजगंज के रामप्रीत मोड़ के पास अंधाधुंध कई लोगों पर फायरिंग की। इस दौरान उनके सामने जो आया गोली मारते चले गए। चार लोगों को गोलियां लगीं। इनमें से दो लोगों की मौत मौके पर ही गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

घायल लोगों को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां से उन्हें सीवान के सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। अचानक हुई वारदात से पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। वारदात की खबर लगते ही पुलिस प्रशासन में भी हड़कंप मच गया। नाकेबंदी कर जांच शुरू कर दी गई। लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी है। वारदात की वजह का पता अभी नहीं चल सका है।

हालांकि, ऐसा पहली बार नहीं है जब इस पैटर्न पर हत्या को अंजाम दिया गया है। बीते कई महीनों से जिले में ऐसे अपराधियों का खौफ व्याप्त है जो आते-जाते लोगों को निशाना बना रहे हैं। इसी तरह की वारदात जिले के बसिलपुर गांव में कुछ महीनों पहले अंजाम दिया गया था, जहां सड़क किनारे खड़े लड़कों पर दो बाइक सवारों ने अंधाधुंध गोलीबारी की थी। घटना में तब एक 25 साल के युवक की मौत हो गई थी।

ये भी पढ़े: येदियुरप्पा के साथ धोखा, BJP ने पहले CM पद से हटाया, अब कैबिनेट से बेटे को बाहर किया

आज हुई घटना को लेकर प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोपहर बाद करीब पौने 3 बजे दो बाइक सवार बदमाशों ने महाराजगंज के रामप्रीत मोड़ के पास अंधाधुंध फायरिंग की। बाइक पर पीछे बैठा बदमाश पिस्टल से गोलियां चला रहा था।

सबसे पहले बाइक सवार बदमाशों ने अरमान मंसूरी नाम के युवक को गोली मारी। जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। अरमान सब्जी लेकर घर लौट रहे थे। इसके बाद थोड़ा आगे बढ़कर एक अन्य युवक सुदामा यादव को गोलियां मारी। जिसकी अस्पताल में मौत हो गई।

इतना ही नहीं आगे चलकर एसबीआई के करीब राहगीर अशोक पटेल को गोली मारी। अशोक रघुनाथपुर के रहने वाले हैं। गोली लगते ही अशोक पटेल भी गिर पड़े। बदमाश वहां से आगे बढ़े तो साइड नहीं देने पर कार चला रहे दरौंदा के रगड़गंज निवासी मनीष कुमार को गोली मार दी।

मनीष अपनी मां के साथ कहीं जा रहे थे। एक साथ चार लोगों के गोली लगने से लहूलुहान होकर गिरा देख पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बुरी तरह घायल अशोक और मनीष को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

ये भी पढ़े: यूथ कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, कहा- 56 इंच कायर है, गिरफ्तारी में माहिर है

फिलहाल, पुलिस मौका मुआयना कर जांच में जुटी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। हालांकि, घटना के कारणों का अभी पता नहीं पाया है।

घायल अरमान के साथ जा रहे युवक ने बताया कि बाइक सवार बिना वजह गोली मार रहे थे। जिसे भी देख रहे थे गोली मार रहे थे। कभी हवा में गोली चलाते कभी सीधे गोली चला रहे थे।

उन्होंने बताया कि पीछे बैठा युवक तीन पिस्टल लिए हुए था। हर कोई गोली से बचने के लिए इधर-उधर भाग रहा था। मेरे सामने तीन लोग गोली लगने से मौके पर गिरे थे। आगे भी गोली चलाते हुए जा रहे थे।


[प्रिय पाठक, पल-पल के न्यूज, संपादकीय, कविता-कहानी पढ़ने के लिए ‘न्यूज बताओ’ से जुड़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, टेलीग्राम, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर भी फॉलो कर सकते हैं।]

Leave a Reply

Your email address will not be published.