कोरोना ने तोड़ा रिकॉर्ड, बीते 24 घंटे में संक्रमण का आंकड़ा 40 हजार के पार

कोरोना ने तोड़ा रिकॉर्ड, बीते 24 घंटे में संक्रमण का आंकड़ा 40 हजार के पार

कोरोना वैक्सीन आने के बाद कोविड-19 के मामलों में एक बार फिर लगातार वृद्धि हो रही है। बीते 24 घंटे में कोरोना के 40,953 संक्रमण के मामले सामने आए हैं। इस आंकड़े ने बीते तकरीबन 110 दिनों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। मरने वालों की संख्या में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है।

बीते 24 घंटे में 188 लोगों की मौत हुई है। लगातार एक्टिव केस में चिंताजनक वृद्धि हो रही है। इसने स्वास्थ्य विभाग के माथे पर बल ला दिया है। देश में अभी 2,85,449 एक्टिव केस हैं। वहीं 1,11, 051, 49 लोग अब तक ठीक हो चुके हैं। जबकि अब तक 1,59,594 लोगों की देश में जान जा चुकी है।

लॉकडाउन के आसार

महाराष्ट्र, केरल, गुजरात, मध्य प्रदेश और राजधानी दिल्ली जैसे राज्यों में फिर से कोरोना बेकाबू होता दिख रहा है। महाराष्ट्र में हर रोज तकरीबन 25 हजार से अधिक मामले सामने आ रहे हैं। राज्य के पुणे और मुंबई में सबसे अधिक केस रिकॉर्ड किए गए हैं। पिछले साल भी महाराष्ट्र की स्थिति सबसे अधिक बेकाबू थी।

ये भी पढ़ें: अशोका यूनिवर्सिटी विवाद: मेहता के समर्थन में हार्वर्ड, ऑक्सफोर्ड, कैंब्रिज जैसे संस्थानों के 150 बुद्धिजीवियों ने लिखा ओपन लेटर

केस में हो रही वृद्धि को देखते हुए लॉकडाउन लगने के पूरे आसार दिख रहे हैं। वैसे राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने भी कहा है कि कोरोना के बढ़ते मामले चिंताजनक है। हमारे सामने एक मात्र विकल्प लॉकडाउन है। लोगों को इसमें सहयोग करना होगा नहीं तो सख्त कदम उठाने पड़ेंगे।

इसके अलावा कल उद्धव सरकार ने नई गाइडलाइन भी जारी की। जिसके तहत 31 मार्च 2021 तक राज्य के सभी प्राइवेट ऑफिस, थिएटर्स और ऑडिटोरियम में सिर्फ 50 फीसदी क्षमता के साथ काम किया जाएगा। जबकि उत्पादन वाली इकाइयों में सोशल डिस्टेंसिंग के साथ कर्मचारी पूरी क्षमता से काम कर सकते हैं। मॉल्स में भी निगेटिव रिपोर्ट के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा।

वहीं, मध्य प्रदेश सरकार ने 21 मार्च यानी कल रविवार को भोपाल, इंदौर और जबलपुर में टोटल लॉकडाउन रखने का एलान किया है। इस तीनों शहरों में 31 मार्च तक स्कूल और कॉलेज भी बंद रहेंगे। राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को कहा कि प्रदेश में कोरोना के प्रकरण बढ़ रहे हैं। फिर से गंभीर स्थिति न हो, इससे बचने के लिए मेरा प्रदेश की जनता से अनुरोध है कि सभी अनिवार्य रूप से मास्क लगाएं, सोशल डिस्टेंसिंग रखें, कहीं भीड़ न करें तथा कोरोना संक्रमण को रोकने में अपना योगदान दें।

कोरोना ने तोड़ा रिकॉर्ड, बीते 24 घंटे में संक्रमण का आंकड़ा 40 हजार के पार

ये भी पढ़ें: चर्चित गोधरा नगर पालिका पर AIMIM का कब्जा, अब विपक्ष में बैठेगी BJP

राजधानी दिल्ली और पंजाब

राजधानी दिल्ली में भी कोविड को मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। लगातार एक्टिव केस में भी बद्धि हो रही है। पिछले 24 घंटे में यहां 716 नए मामले दर्ज किए गए हैं जबकि एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 3,165 हो गई है। बढ़ते मामलों ने राजधानी की चिंता बढ़ा दी है।

पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए 31 मार्च तक सभी स्कूल और कॉलेजों को बंद करने का एलान किया है। लेकिन मेडिकल कॉलेज खुले रहेंगे। दो हफ्तों के लिए पंजाब कांग्रेस के सभी कार्यक्रम टाल दिए गए हैं।

वहीं, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आम आदमी पार्टी की शनिवार को होने वाली रैली को रद्द करने की अपील की गई है। पंजाब सरकार की ओर से कहा गया है कि अगर केजरीवाल पंजाब का हित चाहते हैं तो इस रैली को रद्द कर दें। इधर शिरोमणि अकाली दल ने अपनी तमाम रैलियां रद्द कर दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published.