अब ClubHouse App पर मुस्लिम महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी

अब ClubHouse App पर मुस्लिम महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी

मुस्लिम महिलाओं के खिलाफ ‘सुल्ली डील्स’ और ‘बुल्ली बाई एप्प’ के बाद अब ‘क्लबहाउस’ (ClubHouse) एप्प पर अश्लील टिप्पणियां की जा रही हैं। दिल्ली महिला आयोग (DCW) ने इस मामले की शिकायत दिल्ली पुलिस की साइबर क्राइम सेल को दी है।

दिल्ली महिला आयोग ने नोटिस जारी कर ‘क्लबहाउस’ के आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है और कहा कि उनके खिलाफ सख्त-से-सख्त कार्रवाई की जाए। DCW की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने इस घटना पर नाराजगी जाहिर की है।

मालीवाल ने कहा कि किसी ने मुझे ट्विटर टैग कर ‘क्लबहाउस’ एप्प पर हुई इस विस्तृत अश्लील ऑडियो बातचीत के बारे में बताया, जिसमें मुस्लिम महिलाओं और लड़कियों को निशाना बनाया गया और उनके खिलाफ घृणित यौन एवं अभद्र टिप्पणियां की गईं।

उन्होंने कहा कि देश में हजद तरीके से इस तरह की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी अति आवश्यक है और इसलिए मैंने दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर इस मामले में तत्काल FIR दर्ज करने और आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार की मांग की है।

आयोग ने ट्विटर पर ऑनलाइन पोस्ट किए गए एक वीडियो का संज्ञान लिया, जिसमें ‘मुस्लिम लड़कियां हिंदू लड़कियों से ज्यादा खूबसूरत होती हैं’ विषय पर एक अभद्र क्लब हाउस बातचीत को दिखाया गया है।

उक्त बातचीत में प्रतिभागियों को मुस्लिम महिलाओं और लड़कियों को निशाना बनाते हुए अभद्र, अश्लील और अपमानजनक टिप्पणी करते हुए स्पष्ट रूप से सुना जा सकता है। दिल्ली महिला आयोग ने मामले पर कड़ा संज्ञान लिया और दिल्ली पुलिस से इसमें शामिल लोगों के खिलाफ तत्काल एवं सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

महिला आयोग ने पुलिस से तत्काल FIR दर्ज करने तथा आरोपियों को जल्दी से जल्दी गिरफ्तार करने को कहा है। दिल्ली पुलिस को कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट आयोग को सौंपने के लिए पांच दिन का समय दिया गया है।

कमाल की बात ये है कि एप्प पर बातचीत में महिलाएं भी बोल रही हैं और जय श्रीराम के नारे भी लगाए जा रहे हैं। बात-बात में महिलाओं के प्राइवेट पार्ट को लेकर गंदी बाते की जारी हैं और महिलाएं भी उसमें बोल रही हैं। यह बातचीत रोंकटे खड़े कर देने वाले हैं जो बताते हैं कि लोग कितना नीचे गिर चुके हैं।

उल्लेखनीय है कि बीते साल जुलाई महीने में ‘क्लबहाउस एप्प’ यूजर्स के करीब 40 लाख फोन नंबर लीक किए गए थे। वे सभी नंबर्स डार्क वेब पर ‘बिक्री के लिए’ उपलब्ध किए गए थे। लोकप्रिय ऑडियो चैट ऐप का डेटासेट केवल मोबाइल नंबर दिखाता है और कोई अन्य जानकारी नहीं।

प्रमुख साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ जितेन जैन ने तब कहा था कि क्लबहाउस उपयोगकर्ताओं के 3.8 अरब फोन नंबरों का एक डेटाबेस डार्कनेट पर बिक्री के लिए तैयार है। उन्होंने ये भी कहा था कि इसमें उपयोगकर्ता की फोनबुक में सिंक किए गए लोगों की संख्या भी शामिल है।

दूसरी तरफ स्वतंत्र सुरक्षा शोधकर्ता राजशेखर राजहरिया बताया था कि हैकर कथित क्लबहाउस डेटा बेच रहे हैं, जिसमें बिना नाम के केवल मोबाइल नंबर हैं। राजहरिया ने तब बताया था कि कोई नाम, फोटो या कोई अन्य विवरण उपलब्ध नहीं है। फोन नंबरों की यह सूची बहुत आसानी से तैयार की जा सकती है।


(प्रिय पाठक, पल-पल के न्यूज, संपादकीय, कविता-कहानी पढ़ने के लिए ‘न्यूज बताओ’ से जुड़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, टेलीग्राम, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर भी फॉलो कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published.