राहुल गांधी की अगुवाई में कृषि कानूनों के खिलाफ कांग्रेस सांसदों का प्रदर्शन

राहुल गांधी की अगुवाई में कृषि कानूनों के खिलाफ कांग्रेस सांसदों का प्रदर्शन

मोदी सरकार के तीन नये कृषि कानूनों के खिलाफ किसान आज जंतर-मंतर पर अपना संसद लगाएंगे। इसको देखते हुए भारी सुरक्षा इंतेजाम किया गया है। एसकेएम ने कहा है कि संसद का मॉनसून सत्र अगर 13 अगस्त तक चलेगा तो जंतर-मंतर पर उनका विरोध-प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा। फिलहाल, 200 लोगों को प्रदर्शन में शामिल होने की अनुमति दी गई है।

दूसरी तरफ आज फिर पेगासस और किसानों के मुद्दे को लेकर हुए हंगामे के चलते लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई। कांग्रेस और कुछ अन्य विपक्षी दलों के सदस्यों ने कृषि कानूनों को लेकर लोकसभा में हंगामा किया जिस चलते सदन की कार्यवाही आरंभ होने के करीब 10 मिनट बाद ही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी दलों के सदस्य नारेबाजी करते हुए आसन के निकट पहुंच गए। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन में हंगामे के बीच प्रश्नकाल शुरू करवाया। कुछ सदस्यों ने इस दौरान जलशक्ति मंत्रालय से संबंधित पूरक प्रश्न पूछे और जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने उत्तर दिए।

राहुल गांधी की अगुवाई में कृषि कानूनों के खिलाफ कांग्रेस सांसदों का प्रदर्शन

ये भी पढ़ें: मुनव्वर राणा को लेकर योगी के मंत्री के बिगड़े बोल, कहा- वे एनकाउंटर में मारे जाएंगे

सदन में नारेबाजी के बीच अध्यक्ष ओम बिरला ने विपक्षी सदस्यों से अपने स्थान पर जाने और सदन चलने देने की अपील की। उन्होंने कहा, “यह सदन चर्चा और संवाद के लिए है। आपको जनता ने तख्तियां दिखाने और नारेबाजी करने के लिए नहीं भेजा है। आप मुद्दे उठाएं, चर्चा करें और जनता की समस्याओं के समाधान का प्रयास करें। आपको चर्चा करने का पूरा समय मिलेगा।

लोकसभा अध्यक्ष ने हंगामा कर रहे सदस्यों से कहा, “तख्तियां दिखाना और नारेबाजी करना है तो आप सदन से बाहर चले जाएं। यह उचित नहीं है।” सदन में हंगामा नहीं थमने पर बिरला ने सुबह करीब 11.10 बजे लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। उसके बाद 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।

इसके बाद राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस सांसदों ने संसद भवन परिसर में किया प्रदर्शन। कांग्रेस के सदस्यों ने ‘काले कानून वापस लो’ के नारे लगाए। उन्होंने तख्तियां हाथ में ले रखी थीं। इनमें से एक तख्ती पर ‘अन्नदाता का अपमान बंद करो, तीनों कृषि कानून रद्द करो’ लिखा था।

ये भी पढ़ें: दैनिक भास्कर के दफ्तरों पर छापा, ट्रेंड हुआ #IStandWithDainikBhaskar

इन सभी ने संसद भवन परिसर में मौजूद महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में कांग्रेस के दोनों सदनों के सदस्यों ने हिस्सा लिया। राहुल गांधी के अलावा लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी, लोकसभा सदस्य मनीष तिवारी, गौरव गोगोई, रवनीत बिट्टू, राज्यसभा सदस्य प्रताप सिंह बाजवा और कई अन्य सांसद इस धरने में शामिल हुए।

कांग्रेस सांसदों ने ‘काले कानून वापस लो’ और ‘प्रधानमंत्री न्याय करो’ के नारे लगाए। दूसरी तरफ, केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि देश ने देखा है कि ये कृषि कानून फायदेमंद हैं और किसानों के पक्ष में हैं। हमने इन कानूनों के बारे में चर्चा की है। यदि वे बिंदुवार कानूनों के साथ अपने मुद्दों को व्यक्त करते हैं, तो हम इस पर चर्चा कर सकते हैं। वहीं, शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के सांसदों ने तीन कृषि कानूनों का विरोध किया और संसद परिसर में तोमर को तख्तियां दिखाईं।


(प्रिय पाठक, पल-पल के न्यूज, संपादकीय, कविता-कहानी पढ़ने के लिए ‘न्यूज बताओ’ से जुड़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, टेलीग्राम, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर भी फॉलो कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published.