बिहार विधानसभा से लेकर उपचुनाव तक में BJP को भारी बढ़त, पप्पू और पुष्पम प्रिया पीछे

बिहार विधानसभा से लेकर उपचुनाव तक में BJP को भारी बढ़त, पप्पू और पुष्पम प्रिया पीछे

नई दिल्ली: बिहार विधानसभा चुनाव के साथ-साथ देश में हुए उपचुनाव के भी रुझान आ रहे हैं। उत्तर प्रदेश में अब तक भाजपा 6 सीटों पर आगे चल रही है जबकि एक सीट पर निर्दल बढ़त बनाए हुआ है। समाजवादी पार्टी पीछे चल रही है। जिन सीटों पर उपचुनाव हुए हैं इन सात सीटों में से छह पर भाजपा काबिज थी, जबकि जौनपुर की मल्हनी से सपा के कद्दावर नेता रहे पारसनाथ यादव विजयी हुए थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृहराज्य गुजरात में भी भाजपा का दबदबा कायम है। गुजरात विधानसभा उपचुनाव के लिए 8 सीटों की गिनती जारी है। 7 सीटों पर भाजपा आगे चल रही है। अबडासा, गढडा, लींबडी, मोरबी धारी, डांग, कपराड़ा विधानसभा सीट पर भाजपा के प्रत्याशी आगे चल रहे हैं। केवल एक विधानसभा सीट करजण पर कांग्रेस बढ़त बनाए हुए हैं। जिन 8 सीटों पर उपचुनाव हुए हैं, वो कांग्रेस विधायकों के इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल होने से खाली हुई हैं। ये सीटें हैं अबडासा, मोरबी, कपराडा, धारी, करजण, लिमंडी, गढडा और डांग विधानसभा सीट।

अगर मध्य प्रदेश की बात करें तो यहां 19 जिलों की 28 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुए हैं। 28 सीटों के अब तक जो रुझान सामने आए हैं उसके मुताबिक, 19 सीटों पर भाजपा और 8 सीट पर कांग्रेस आगे है, जबकि एक मुरैना सीट पर बसपा आगे चल रही है। अब तक आए रुझानों में भाजपा का कमल खिलता दिख रहा है। भाजपा-कांग्रेस में आगर, पोहरी और मेहगांव सीट पर कांटे की टक्कर है। देखा जाए तो मध्य प्रदेश उपचुनाव कांग्रेस से बीजेपी में गए ज्योतिरादित्य सिंधिया के लिए भी काफी अहम हैं।

बिहार विधानसभा चुनाव की बात करें तो अब तक के आंकड़ों पर अगर नजर डालें तो बीजेपी-जेडीयू गठबंधन 128 सीटों पर बढ़त बनाए हुई है, जो कि बहुमत से छह अधिक है। वहीं, 102 सीटों पर आरजेडी-कांग्रेस के गठबंधन को बढ़त मिल रही है। बिहार के चर्चित सीटों में शामिल मधेपुरा से जेडीयू के निखिल मंडल फिलहाल आगे चल रहे हैं। इस सीट से जाप सुप्रीमो पप्पू यादव लगातार पीछे चल रहे हैं। इसके अलावा मधुबनी जिले की बिस्फी सीट से भी ‘द प्लूरल्स पार्टी’ की पुष्पम प्रिया लगातार पीछे चल रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published.