प्रियंका गांधी का मोदी के संसदीय क्षेत्र में ‘किसान न्याय रैली’, CM-PM पर बोला जमकर हमला

प्रियंका गांधी का मोदी के संसदीय क्षेत्र में ‘किसान न्याय रैली’, CM-PM पर बोला जमकर हमला

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ‘किसान न्याय रैली’ के लिए रविवार को वाराणसी पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर हमला बोला। हालांकि, रैली से पहले वो सबसे पहले श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचीं जहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

इसके अलावा प्रियंका अन्नपूर्णा मंदिर पहुंची और वहां आशीर्वाद लिया। इसके बाद अन्नपूर्णा मंदिर से प्रियंका का काफिला दुर्गाकुंड पहुंचा। यहां प्रियंका ने माँ दुर्गा का दर्शन-पूजन किया। इससे पहले एयरपोर्ट से मंदिर तक रास्ते में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह उनका अभिनंदन किया। वहीं, वाराणसी के रोहनियां में आयोजित ‘किसान न्याय रैली’ की शुरुआत मंत्रोचार, शंखनाद, हर-हर महादेव के साथ कुरान की आयात और गुरबाणी से हुई।

रैली को संबोधित करते हुए प्रियंका ने कहा कि लखीमपुर खीरी केस में पीड़ित परिवारों को पैसे की नहीं बल्कि न्याय चाहिए। लेकिन पीड़ित किसान परिवारों को यूपी में इंसाफ की कोई उम्मीद नहीं है। योगी आदित्यनाथ सरकार ने कोरोना काल के दौरान जरूरतमंदों पर ही कार्रवाई की। हाथरस केस में भी न्याय नहीं हुआ था।

प्रियंका गांधी ने कहा, “अपने आप को गंगापुत्र कहने वाले हमारे प्रधानमंत्री ने गंगापुत्रों का अपमान किया है। किसान बुरी तरह परेशान हैं। इन्होंने देखा है कि आवारा पशु किस तरह उन्हें तबाह कर रहे हैं। क्या प्रधानमंत्री ने देखा है कि आवारा पशुओं को। मैंने देखा है।”

उन्होंने आगे कहा, “बिजली के दाम तीन बार बढ़ा दिए गए हैं। बिजली नहीं मिल रही है लेकिन बिजली के बिल मिल रहे हैं। प्रदेश का हर किसान दुखी है। धान-गेहूं का दाम नहीं मिल रहा है। खेती के उपकरणों पर जीएसटी लगा रखी है। 100 रुपये का पेट्रोल, 90 का डीजल और हजार रुपये का गैस सिलेंडर मिल रहा है। कोयला खत्म हो रहा है। बेरोजगारी चरम पर है। जहां-जहां जाओ बेरोजगार युवा मिलते हैं।”

सीएम योगी और पीएम मोदी पर हमला करते हुए प्रियंका ने कहा, “लखीमपुर खीरी में जो हुआ, पिछले हफ्ते से हम देख रहे हैं कि देश के गृहराज्यमंत्री के बेटे ने छह किसानों को निर्ममता से कुचल दिया। छह के छह परिवार कहते हैं कि हमें पैसे नहीं चाहिए, मुआवजा नहीं चाहिए, हमें न्याय चाहिए। न्याय दिलवाने वाला सरकार में नहीं दिख रहा है।”

प्रियंका गांधी का मोदी के संसदीय क्षेत्र में 'किसान न्याय रैली', CM-PM पर बोला जमकर हमला

इसके बाद उन्होंने कहा, “पूरी सरकार मंत्री और उनके बेटे को बचाने में लगी रही। पूरा प्रशासन विपक्ष को रोकने में लगा रहा। पीड़ित परिवारों को भी नजरबंद किया गया। अपराधियों को नहीं पकड़ा गया। अपराधियों को निमंत्रण भेजा कि आइये हमसे बात कीजिए। किसी देश में ऐसा हुआ है कि किसी ने छह लोगों को कुचल दिया हो और उसे निमंत्रण दिया गया कि आइये हमसे बात कीजिए।”

प्रियंका गांधी ने कहा, “मुख्यमंत्री उस मंत्री का बचाव कर रहे हैं जिसके बेटे ने इतना जघन्य अपराध किया है। पीएम मोदी लखनऊ आए लेकिन किसानों के घर दुख बांटने नहीं जा सके। आप आजादी का उत्सव मना रहे हैं, लेकिन आजादी किसने दी। आजादी किसानों के बेटों ने दी है। इस उत्सव का क्या मतलब है।”

प्रियंका के अलावा छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने भी जमकर योगी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा, “यूपी ने सभी को जवाब दिया है। आज नौजवानों-महिलाओं के कई सवाल हैं। क्या यूपी से देश की जनता को जवाब मिलेगा? जिसके शासन में सूरज नहीं डूबता था उन अंग्रेजों से भी नहीं डरे। इनसे क्या डरेंगे। पहले लड़ा था गोरो से अब लड़ेंगे चोरों से।”

उन्होंने आगे कहा, “यही लोग हैं जो अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई को कमजोर कर रहे थे। उस समय भी गोली से भूना गया था। आज भी गाड़ी से रौंदकर मारा जा रहा है। हम लोग गांधी को मानने वाले लोग हैं। अहिंसा के साथ लड़ेंगे। सोनभद्र में प्रियंका ने जिस तरह लड़ाई लड़ी। हाथरस में बिटिया की लड़ाई प्रियंका गांधी ने लड़ी। अनुसूचित जाति की लड़ाई हो, दलितों की लड़ाई हो, किसानों को लड़ाई हो…सभी लड़ाई प्रियंका गांधी ने लड़ी है। वह लगातार लड़ाई लड़ रही हैं।”

वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू ने कहा कि सूरज पूरब से उगता है और अंधेरे को दूर करता है। आज यूपी के पूरब पूर्वांचल से प्रियंका गांधी ने यूपी में व्याप्त अंधेरे को दूर करने का वीणा उठाया है। जब-जब प्रियंका गांधी ने सड़क पर उतरकर संघर्ष किया है, सरकार को झुकना पड़ा है।


(प्रिय पाठक, पल-पल के न्यूज, संपादकीय, कविता-कहानी पढ़ने के लिए ‘न्यूज बताओ’ से जुड़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, टेलीग्राम, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर भी फॉलो कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published.