मध्य प्रदेश में भारी बारिश के बाद आए बाढ़ से लोगों का बुरा हाल है। इसी दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर शनिवार को श्योपुर में बाढ़ग्रस्त इलाकों का दौरा करने पहुंचे। लेकिन इस दौरान उन्हें नाराज लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा। नाराज स्थानीय लोगों ने उन्हें घेर लिया और उनके वाहनों के काफिले पर कीचड़ फेंका।
श्योपुर शहर मध्य प्रदेश के उत्तरी भाग में स्थित मुरैना लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है। श्योपुर शहर और जिला इस हफ्ते की शुरुआत में भारी बारिश के कारण बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हुआ है। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर मुरैना से लोकसभा सांसद हैं।
घटना के समय मौजूद लोगों ने बताया कि तोमर शनिवार को जब बाढ़ पीड़ितों से मिलने शहर के कराटिया बाजार पहुंचे तो गुस्साए लोगों ने उनका घेराव किया। लोगों ने पूछा कि आप इतनी देर से यहां क्यों आए हैं। कृषि मंत्री जब रोती हुई महिलाओं को सांत्वना देने के लिए कार से नीचे उतरे तो लोग उनका पीछा करने लगे। बाद में गुस्साए लोगों ने कथित तौर उनके वाहनों पर कीचड़ और छोटी सूखी लकड़ियां फेंकी।
ये भी पढ़ें: राजभर बोले- भाजपा हमारी मांगे मानेगी तब होगा गठबंधन, वरना नहीं
तोमर से स्थानीय लोगों ने शिकायत की कि प्रशासन ने बाढ़ के बारे में समय पर लोगों को सतर्क नहीं किया और यह जिला प्रशासन की विफलता है। श्योपुर के पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने बताया कि कृषि मंत्री से स्थानीय लोगों ने शिकायत की कि उन्हें राहत देर से पहुंची। उपाध्याय ने कहा कि मंत्री के काफिले का कोई वाहन क्षतिग्रस्त नहीं हुआ।
कृषि मंत्री Tomar को देख बाढ़ पीड़ितों का फूटा गुस्सा, फैंका कीचड़ – लगाएं मुर्दाबाद के नारे#MadhyaPradesh @JournalistVipin pic.twitter.com/WfZz3bv2T7
— News24 (@news24tvchannel) August 7, 2021
बाद में केंद्रीय मंत्री ने पत्रकारों से बात करते हुए स्वीकार किया कि प्रशासन ने ढिलाई बरती। हालांकि, यह भी कहा कि एक बांध टूटने की अफवाह ने भी समस्या पैदा की। तोमर ने आश्वासन दिया कि जिले को हर तरह की सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इस हफ्ते की शुरुआत में मध्य प्रदेश के उत्तरी हिस्से में ग्वालियर व चंबल क्षेत्र में बारिश के कारण कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई और हजारों लोगों को बाढ़ प्रभावित इलाकों से सुरक्षित निकाला गया।
[प्रिय पाठक, पल-पल के न्यूज, संपादकीय, कविता-कहानी पढ़ने के लिए ‘न्यूज बताओ’ से जुड़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, टेलीग्राम, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर भी फॉलो कर सकते हैं।]
Leave a Reply